Clearance Sale is Live!

Get a FREE book on purchasing 2 or more books. Valid till 9th Aug.

Shop Books

clearance sale books banner

टाटा स्टील 2025 : अर्जुन को हराकर प्रज्ञानन्दा नें बनाई सयुंक्त बढ़त

by Niklesh Jain - 21/01/2025

टाटा स्टील मास्टर्स शतरंज 2025 के पहले तीन राउंड के बाद भारत के आर प्रज्ञानन्दा अपने शानदार प्रदर्शन के चलते ना सिर्फ स्पर्धा में सयुंक्त बढ़त पर आ गए है साथ ही अब एक बार फिर लाइव विश्व रैंकिंग में प्रज्ञानन्दा नें शीर्ष 10 में जगह बना ली है । पहले राउंड में उज़्बेक्सितान के अब्दुसत्तोरोव नोदिरबेक के खिलाफ एक हारा हुआ मैच बचाते हुए प्रज्ञानन्दा नें टूर्नामेंट की शुरुआत की थी पर उसके बाद लगातार दो जीत के साथ वह एक अच्छी लय में नजर आ रहे है , दूसरे राउंड में प्रज्ञानन्दा नें पेंटाला हरीकृष्णा और तीसरे राउंड में अर्जुन एरीगैसी को पराजित करते हुए 2.5 अंक बना लिए है और अब वह अब्दुसत्तोरोव के साथ सयुंक्त बढ़त पर चल रहे है । विश्व चैम्पियन डी गुकेश नें लगातार दूसरी बाजी ड्रॉ खेली , तीसरे राउंड में उन्होने यूएसए के फबियानों करूआना से आधा अंक बांटा । भारत के नंबर एक खिलाड़ी अर्जुन एरीगैसी फिलहाल 2 मैच हारकर आधा अंक बनाकर खेल रहे है और देखना होगा की वह कैसे वापसी करते है । पढे यह लेख और जाने क्या हुआ पहले तीन राउंड में 

Photos by Lennart Ootes



87वां टाटा स्टील मास्टर्स शतरंज : अर्जुन को हराकर प्रज्ञानन्दा सयुंक्त बढ़त पर 

विज्क आन जी, नीदरलैंड । शतरंज का विम्बलडन कहे जाने वाले टाटा स्टील मास्टर्स सुपर ग्रांड मास्टर टूर्नामेंट के तीसरे दौर के बाद बाद भारत के ग्रांड मास्टर आर प्रज्ञानन्दा नें शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दो जीत के साथ टूर्नामेंट में सयुंक्त बढ़त हासिल कर ली है । प्रज्ञानन्दा जिनके लिए पिछला कुछ समय इतना अच्छा नहीं बीत रहा था नें शानदार वापसी करते हुए विश्व रैंकिंग में भी दोबारा शीर्ष 10 में जगह बना ली है ।तीसरे राउंड में प्रज्ञानन्दा नें हमवतन और देश के नंबर एक खिलाड़ी अर्जुन एरीगैसी को सफ़ेद मोहरो से खेलते हुए ,केटलन ओपनिंग में 60 चालों में पराजित किया । 

तीसरे दिन हुए मुक़ाबले में नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव नें भी नीदरलैंड के मैक्स वार्मेर्डेन को पराजित करते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की और प्रज्ञानन्दा के साथ 2.5 अंक बनाकर वह सयुंक्त बढ़त पर पहुँच गए है । 

विश्व चैम्पियन भारत के डी गुकेश नें लगातार दूसरी बाजी ड्रॉ खेली , उन्होने टॉप सीड यूएसए के फबियानों करूआना से ड्रॉ खेला ।

अन्य सभी बाज़ियाँ भी बेनतीजा रही । अन्य मुकाबलों में सर्बिया के अलेक्सी सराना नें नीदरलैंड के जॉर्डन वान फॉरेस्ट से , जर्मनी के विन्सेंट केमर नें चीन के वे यी से , स्लोवेनिया के व्लादिमीर फेडोसीव  नें नीदरलैंड के अनीश गिरि से और भारत के पेंटाला हरीकृष्णा नें हमवतन लियॉन मेन्दोंसा से आधा अंक बांटा । 

आइये नजर डालते है इससे पहले के दो राउंड में क्या हुआ ?

87वां टाटा स्टील शतरंज राउंड 2 : प्रज्ञानन्दा नें हरीकृष्णा को हराया , गुकेश को फेडोसीव नें ड्रॉ पर रोका 


टाटा स्टील शतरंज के दूसरे राउंड में लगातार दूसरे दिन खेले गए सात मुकाबलों में 3 के परिणाम जीत हार के तौर पर सामने आए जबकि चार बाज़ियाँ बेनतीजा रही । भारतीय खिलाड़ियों में काले मोहरो से खेल रहे विश्व चैम्पियन डी गुकेश को स्लोवेनिया के व्लादिमीर फेडोसीव नें ड्रॉ पर रोक लिया जबकि देश के नंबर एक खिलाड़ी अर्जुन एरीगैसी जीत के करीब जाकर भी मेजबान नीदरलैंड के अनीश गिरि के खिलाफ आधा अंक ही हासिल कर पाये । दूसरा दिन वैसे प्रज्ञानन्दा ने नाम रहा जिन्होने काले मोहोरो से एक बराबर लग रहे एंडगेम में 55 चालों में जीत दर्ज की उन्होने पहले राउंड में शानदार जीत हासिल करने वाले हमवतन अनुभवी खिलाड़ी पेंटाला हरीकृष्णा को पराजित किया । युवा लियॉन मेन्दोंसा को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा , उन्हे उज़्बेक्सितान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव नें पराजित किया । टॉप सीड यूएसए के फबियानों करूआना नें अपनी पहली जीत दर्ज की उन्होने मेजबान देश के जॉर्डन वांन फॉरेस्ट को पराजित किया । 

87वां टाटा स्टील शतरंज राउंड 1 : गुकेश नें की जीत से शुरुआत

शतरंज का विम्बलडन कहे जाने वाले विज्क आन जी सुपर ग्रांड मास्टर टूर्नामेंट जिसे अब टाटा स्टील शतरंज के नाम से जाना जाता है अब अपने 87वें संसकरण की यात्रा आरंभ कर चुका है और दुनिया के शीर्ष के 14 खिलड़ियों के बीच राउंड रॉबिन आधार पर हो रहे इस टूर्नामेंट में पहले राउंड के 7 मुकाबलों में 3 बाजियों में परिणाम निकले जबकि चारा बाज़ियाँ बेनतीजा रही । सबकी नजरे विश्व चैम्पियन बनने के बाद पहली बार शतरंज बोर्ड पर वापस लौटे भारत के डी गुकेश पर थी और गुकेश नें पहले दिन ही मेजबान देश के अनीश गिरि को पराजित करते हुए अपने अभियान की शानदार शुरुआत की । हालांकि एक दिन पहले खेल रत्न पुरूस्कार हासिल करने के बाद गुकेश खेल शुरू होने के सिर्फ 3 घंटे पहले ही आयोजन स्थल पहुँच पाये थे ऐसे में उनके लिए यह राउंड खेलना भी एक चुनौती थी । सफ़ेद मोहोरो से खेल रहे गुकेश इस मुक़ाबले में संत समय में एक भारी भूल के चलते हार के बेहद करीब पहुँच गए थे पर अनीश की भूल का फ़ायदा उठाते हुए उन्होने जीत से अपना खाता खोल दिया ।

भारत के नंबर एक खिलाड़ी अर्जुन एरीगैसी को पहले ही राउंड में हमवतन अनुभवी खिलाड़ी पेंटाला हरीकृष्णा के सामने हार का सामना करना पड़ा जबकि भारत के लियॉन मेन्दोंसा के हाथ से जीती बाजी निकल गयी और उन्हे जर्मनी के विन्सेट केमर से हार का सामना करना पड़ा .अन्य मुकाबलों में भारत के आर प्रज्ञानन्दा नें उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव से , यूएसए के फबियानों करूआना नें चीन के वे यी से , स्लोवेनिया के व्लादिमीर फेडोसीव से नीदरलैंड के जॉर्डन वान फॉरेस्ट नें और सर्बिया के अलेक्सी सराना नें नीदरलैंड के मैक्स वार्मेर्डम नें ड्रॉ खेला ।

विडियो 







Contact Us